नाबालिग की गैंगरेप के बाद नृशंस हत्या के तार भाजपा नेताओं से जुड़ेः गरिमा दसौनी
देहरादून ,
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि नाबालिग की गैंगरेप के बाद नृशंस हत्या करने में भाजपा नेताओं के तार जुड़े हैं और एक बार फिर से देवभूमि शर्मसार हुई है जिसकी शिकार एक नाबालिग हुई है। यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से रूबरू होते हुए दसौनी ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है, उत्तराखंड जो देवभूमि के नाम से देश विदेश में ख्याति प्राप्त है ,वहां आए दिन महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोत्तरी हो रही है। दसौनी ने कहा कि बीते रोज हरिद्वार के बहादराबाद से जो खबर सामने आई है वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है, हरिद्वार के बहादराबाद में एक नाबालिग बच्ची के साथ न सिर्फ गैंगरेप हुआ बल्कि दुष्कर्म के बाद उस बच्ची की नृशंस और जघन्य हत्या तक कर दी गई। इस अवसर पर गरिमा में कहा कि इस पूरे हत्याकांड को अंजाम सत्तारूढ़ भाजपा के प्रधानपति अमित सैनी और ओबीसी आयोग के सदस्य आदित्य राज सैनी के द्वारा दिया गया। गरिमा ने कहा कि देहरादून जो उत्तराखंड की अस्थाई राजधानी है जहां मंत्री से लेकर संतरियों तक की फौज है वहां महिलाओं के साथ अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। दसौनी ने कहा कि देहरादून में ही 15 वर्षीय नाबालिग का ह बोले मामा के द्वारा दुराचार का मामला हो या पटेल नगर में छह माह की बच्ची और उसकी मां का क्षत विक्षत शव जो कि दो-तीन दिन पुराना था वह पाया गया है। उन्होंने कहा कि देहरादून में ही उपनल कर्मी द्वारा आरक्षी के साथ दुष्कर्म किया गया जो कि नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का मामला है। उन्होंने कहा कि देहरादून के कैंट में शादी का झांसा देकर महिला के साथ कई महीनों से दुराचार किया जा रहा था। उन्होंने कहा इसी प्रकार देहरादून के ही पटेल नगर में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची जो की शौच के लिए बाहर गई थी वह घर से थोड़ी ही दूर पर निर्वस्त्र नग्न अवस्था में पाई गई। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा से दो छात्राओं का लापता हो जाना, द्वाराहाट की 19 वर्षीय दलित युवती के साथ शराब का नशा करा कर तीन युवकों द्वारा गैंगरेप किया जाना, साहनी आत्महत्या कांड और प्रॉपर्टी डीलर रवि बडोला की दिनदहाड़े़ हत्या बताता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज बची नहीं है। दसौनी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस प्रशासन कुंभकरण की नींद में सोया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों और बलात्कारी के अंदर पुलिस प्रशासन का कोई डर भय या आतंक नहीं है। दसौनी ने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धाकड़ धामी को आत्ममुग्धता से बाहर आना चाहिए और प्रदेश में क्या चल रहा है और इसका संज्ञान लेना चाहिए चाहे धामी के मंत्रियों के विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार हो या महिलाओं के साथ अपराध और दुष्कर्म ऐसा लगता है कि या तो मुख्या इन सभी बातों से अनजान हैं या फिर अंजान बने रहना चाहते हैं।