महानगर युवा कांग्रेस ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
देहरादून ,
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा 2024 की नीट के परीक्षा पत्र लीक मामले में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शीघ्र ही संलिप्त दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर महानगर युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मोहित मेहता (मोनी) के नेतृत्व में जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड युवा कांग्रेस प्रभारी शिवी चैहान तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ज्ञापन के माध्यम से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा 2024 की नीट के परीक्षा पत्र लीक मामले में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शीघ्र ही संलिप्त दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस एवं उत्तराखण्ड युवा कांग्रेस प्रभारी शिवी चैहान ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा जारी आंकडों से विदित होता है कि विगत वर्ष जो नीट परीक्षा आयोजित की गयी थी उसमें लगभग सवा करोड़ परीक्षार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया था तथा भारत के सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों यथाय आईआईटी, एम्स, आईआइएम आदि में परीक्षा में उत्तीर्ण प्रतिभागियों द्वारा प्रवेश प्राप्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह सवा करोड़ प्रतिभागी अत्यन्त भाग्यशाली हैं कि इन्हें इन संस्थानों से शिक्षा ग्रहण करने का अवसर प्राप्त हुआ और जिन प्रतिभागियों ने उक्त परिक्षाओं में अव्वल अंक प्राप्त किये उन्हें अपनी इच्छानुसार चयनित किये गये संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिला था उनका भविष्य देश में भ्रष्टाचार के चलते डूब सा गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस विनीत प्रसाद भटट (बन्टू) ने कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य की भाजपा सरकार युवा विरोधी रही हैं, बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा हैं, आये दिन पेपर लीक घटनाओं से बेरोजगार युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। इस अवसर पर बन्टू ने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है कि भाजपा सरकार में नीट पेपर लीक हुआ हो, पहले भी उत्तराखण्ड में कई बार बेरोजगार युवाओं को पेपर लीक की मार झेलनी पडी है। उन्होनें कहा कि पेपर लीक एवं बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड करने वाले हाकम सिंह जैसे लोग जो भाजपा सरकार में आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होनें कहा कि भाजपा ने प्रदेश एवं देश में कितने हाकम सिंह पाल रखे हैं जो आज भी बेरोजगार युवाओं का भविष्य खोखला कर रहे हैं। इस अवसर पर मोहित मेहता मोनी ने कहा कि देश में कई करोड़ परीक्षार्थी ऐसे भी होगें जिन्हें यह अवसर प्राप्त नही हुआ और वे पुनः इन परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गये और उनके मन में यह विश्वास होगा कि भारत सरकार के उच्चतम संस्थाओं द्वारा आयोजित उक्त परीक्षा में वे पुनः प्रतिभाग करेंगें तो उन्हें भी अपने अन्य साथियों की भांती इन उच्चतम संस्थानों से उच्च शिक्षा ग्रहण करने का अवसर प्राप्त होगा।