देहरादून ,
आज दिनांक 31 मई, 2024 को श्री सुखबीर सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, अभिसूचना एवं श्री महावीर सिंह, मुख्य आरक्षी, पुलिस मुख्यालय के अधिवर्षता आयु पूर्ण करने के उपरान्त सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में श्री अभिनव कुमार, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड, श्री अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन/पुलिस दूरसंचार, श्री वी0 मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, सीबीसीआईडी, श्री ए0पी0 अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने श्री सुखबीर सिंह एवं श्री महावीर सिंह द्वारा पुलिस विभाग में अपने सेवाकाल के दौरान किए गये कार्यों की सराहना की तथा अपेक्षा की गयी कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को उनके अनुभवों का लाभ एवं मार्गदर्शन मिलता रहेगा। अन्त में श्री सुखबीर सिंह एवं श्री महावीर सिंह ने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं कर्मठता के फलस्वरूप ही वह अपना सम्पूर्ण योगदान प्रदान करने में सफल हो सके। पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा श्री सुखबीर सिंह एवं श्री महावीर सिंह को एक प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।
श्री सुखबीर सिंह ने वर्ष 1997 में प्रान्तीय पुलिस सेवा में चयनित होने के उपरान्त अलीगढ़, मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ, उन्नाव, आगरा, ऊधमसिंहनगर, जनपदों में नियुक्त रहकर अपना अतुल्य योगदान दिया। आप वर्ष 2010 को भारतीय पुलिस सेवा में इंडक्शन हुये तथा भारत सरकार द्वारा आपको वर्ष 2010 बैच आवंटित किया गया। आप पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, पिथौरागढ़, सेनानायक 46 वीं वाहिनी पीएसी एवं आईआरबी प्रथम के पद पर भी नियुक्त रहे। आप दिनांक 01 जनवरी, 2024 में पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। वर्तमान में आप पुलिस उप महानिरीक्षक, अभिसूचना के पद पर कार्यरत हैं। भारत सरकार द्वारा आपकी सराहनीय सेवा के लिए वर्ष 2021 में आपको पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
श्री महावीर सिंह वर्ष 2008 में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए। अपने सेवाकाल के दौरान आप जनपद हरिद्वार एवं पुलिस मुख्यालय में नियुक्त रहे। उत्तराखंड पुलिस में भर्ती होने से पूर्व आप भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं।