अगस्त के लॉन्ग वीकेंड में बना रहे हैं घूमने का प्लान, तो इन जगहों को कर सकते हैं एक्सप्लोर

बरसात का सुहाना मौसम आ चुका है और इस मौसम में ज्यादातर लोग अक्सर बाहर जाने का प्लान बनाने लगते हैं। मानसून के सीजन में घूमने का अपना अलग मजा होता है। हालांकि, छुट्टियां न मिलने की वजह से अक्सर लोग इस सुहाने मौसम में घूमने नहीं जा पाते हैं। अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो छुट्टियों की कमी की वजह से अक्सर कहीं घूमने नहीं जा पाते हैं, तो अगस्त का महीना आपके लिए बेहद खास हो सकता है।

दरअसल, अगस्त के इस महीने में आप एक नहीं, बल्कि दो बार घूमने का प्लान बना सकते हैं, क्योंकि इस महीने में एक नहीं, दो लॉन्ग वीकेंड पड़ रहे हैं। अगर आप भी काफी समय से कहीं बाहर घूमने का प्लान नहीं बना पाए हैं, तो अगस्त में महीने ऐसा कर सकते हैं। आज इस आर्टिकल में आपको बताएंगे आपके शहर के आसपास की कुछ ऐसी जगहों के बारे में,जहां आप अपना परफेक्ट वीकेंड बिता सकते हैं।

दिल्ली के पास

अगर आप दिल्लीवासी है और अगस्त के महीने में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो दिल्ली के आसपास कई सारी ऐसी जगह मौजूद हैं, जहां आप वीकेंड पर जा सकते हैं। ज्यादा दिन होने की वजह से आप रोड ट्रिप भी प्लान कर सकते हैं। ऐसे मे आप इस सुहाने मौसम में हरियाणा और राजस्थान के ग्रामीण इलाकों की प्राकृतिक सुंदरता को निहारते हुए सड़क मार्ग से जयपुर, जोधपुर और उदयपुर की यात्रा कर सकते हैं। आप दिल्ली के पास मौजूद इन जगहों पर जा सकते हैं- अंबर किला, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर मंतर, नाहरगढ़ किला, मेहरानगढ़ किला, पिछोला झील, बागोर की हवेली, मानसून महल, बाहुबली पहाड़ियां।

मुंबई के पास

अगर आप मुंबई में रहते हैं और यहां की बारिश से परेशान हो चुके हैं, तो लॉन्ग वीकेंड पर सुकून के कुछ पल बिताने के लिए ट्रिप प्लान कर सकते हैं। मुंबई के आसपास के आप कई ऐसे बीच है,जहां आप रोज की भागदौड़ से दूर आराम के कुछ पल बिता सकते हैं। आप इन समुद्र तटों पर खूबसूरत झोंपड़ियों और रेस्तरां पर शांति से सूर्यास्त का आनंद ले सकते हैं। मुंबई के पास आप नेत्रावली वन्यजीव अभयारण्य, कोटिगाओ वन्यजीव अभयारण्य, बटरफ्लाई बीच, गलगिबागा बीच, पालोलेम बीच और कोलवा बीच आदि देख सकते हैं।

बेंगलुरु के पास

मानसून का सीजन आपके व्यस्त जीवन से थोड़ा ब्रेक लेने का एक बेहतरीन मौका है। अगर आप बेंगलुरु में रह रहे हैं और इस लॉन्ग वीकेंड में रोड ट्रिप का प्लान बना रहे हैं, तो आप कूर्ग और ऊटी जा सकते हैं। आप यहां प्रकृति के बीच रहकर मानसून का आनंद ले सकते हैं। खास बात यह है कि इन जगहों पर अगस्त को ऑफ-सीज़न माना जाता है,इसलिए आपको अपनी ट्रिप के दौरान भीड़भाड़ का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।

कोलकाता के पास

अगर आप कोलकाता या आसपास रहते हैं तो आप सिक्किम, सैमसिंग या कुर्सियांग घूमने का प्लान बना सकते हैं। ये जगह उन लोगों के लिए स्वर्ग हैं, जो बारिश और हरी-भरी हरियाली का आनंद लेना चाहते हैं। अगर आप सिक्किम का दौरा कर रहे हैं, तो आप इस दौरान होने वाले कई त्योहारों जैसे फांग लैबसोल उत्सव और भदौरिया पूर्णिमा उत्सव में हिस्सा लेकर यहां की संस्कृति से रूबरू हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *