जिला अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन मामले में 100-150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा – uttarakhandawaaz.in

जिला अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन मामले में 100-150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा

मायापुर चैकी प्रभारी ने कराया मुकदमा, पुलिस ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन माना
तहरीर में भाजपा विधायक, पदाधिकारी व कार्यकर्ता का जिक्र तो है मगर सभी अज्ञात
मामले की जांच एसएसआई सतेन्द्र बुटोला का सौपी, अज्ञात लोगों के पहचान के प्रयास शुरू
हरिद्वार ,

जिला अस्पताल हरिद्वार में भाजपाईयों द्वारा गत दिनों दिये गये धरना-प्रदर्शन को पुलिस ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मानते हुए 100-150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिसकी जांच कोतवाली नगर एसएसआई को सौपी गयी है। पुलिस अब धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गयी है। कोतवाली नगर एसएसआई सतेन्द्र बुटोला ने बताया कि 22 मार्च 24 की शाम को जिला अस्पताल हरिद्वार परिसर में दिये गये धारना प्रदर्शन को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मानते हुए मायापुर चैकी प्रभारी विक्रम बिष्ट की ओर से कोतवाली में 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मायापुर चैकी प्रभारी विक्रम बिष्ट ने तहरीर में कहा हैं कि वह 22 मार्च की शाम को अपने क्षेत्र में चैकिंग व शांति व्यवस्था अभियान पर थे। इसी दौरान कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक से सूचना मिली कि जिला अस्पताल हरिद्वार की कानून व शांति व्यवस्था को देखे। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे, तो पाया कि आपातकालीन गेट के बाहर 100-150 लोग घेरा बनाकर बैठकर कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जिनके वाहन अस्पताल के परिसर, रास्ते और मुख्य सड़क पर खड़े किये गये थे। जिस कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होे रही थी। अस्पताल परिसर में दिये जा रहे धारना प्रदर्शन के कारण मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। तहरीर में कहा गया हैं कि भाजपा विधायक, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा आदर्श आचार संहिता लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के नियमों, आदेश और निर्देशों का उल्लंघन जानबूझ कर कानून एवं शांति व्यवस्था को भंग किया गया। पुलिस ने चैकी प्रभारी की तहरीर पर जिला अस्पताल हरिद्वार में धारना प्रदर्शन करने वाले 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस धरना प्रदर्शन करने वाले लोगों की पहचान करने में जुट गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *