देहरादून ,
नगर निगम में व्याप्त अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, अनियमितताओं को लेकर, नए वार्डों को टैक्स के दायरे में लाने के खिलाफ तथा मलिन बस्तियों को मालिकाना हक देने की मांग के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में एकत्रित हुए और वहां से नगर निगम के प्रशासक के रूप में कार्यरत जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और उनका घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने डीएम कार्यालय का गेट बंद करके प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका, जिस पर कार्यकर्ताओं ने गेट को जबरन खोलकर नारेबाजी करते हुए अंदर प्रवेश किया। नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बैठ गए। इस दौरान इसके पश्चात सिटी मजिस्ट्रेट आये और उन्होंने ज्ञापन लिया। इस अवसर पर प्रदर्शन के दौरान डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य कभी न खत्म होने वाली परियोजना की तरह हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कहीं सड़क बनी है तो नालियां खुदी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कहीं सीवर लाइन बनी है तो सड़कें टूटी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन अधूरे कामों के कारण लोग चोटिल होते रहते हैं, अधूरे पड़े डक्ट के कामों के कारण पिछली बरसात में भयानक डेंगू का प्रकोप हुआ। उन्होंने कहा कि इससे अनेक लोगों की असमय मृत्यु हुई, और नगर क्षेत्र के प्रभावित परिवार इससे आज तक उबर नहीं पाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम में नालियों व सड़कों की सफाई व्यवस्था भी अनियमित है। उन्होंने कहा कि निगम कार्यालय में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिससे वहां अपने कामों के लिए आने वाले लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, प्रदेश प्रवक्ता व अधिवक्ता सुनीता प्रकाश, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, सोनिया आनंद, आशा मनोरमा शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।