ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन की स्वीकृति के श्रेय पर छिड़ी जंग पर कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया

भाजपा ने केवल कांग्रेस सरकारों के समय हुए कामों का श्रेय लेने का किया कामः प्रतिमा सिंह
देहरादून ,

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रवक्ता डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन की स्वीकृति के श्रेय पर छिड़ी जंग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने केवल कांग्रेस सरकारों के समय हुए कामों का श्रेय लेने का काम किया है। यहां जानकारी देते हुए पूर्व प्रवक्ता डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा कि जहां कंग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते हुए जनहित की अनेक योजनाओं की शुरूआत की तथा देश के विकास की बुनियाद में अनेक मील के पत्थर लगाये वहीं केन्द्र व राज्यों की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकारों ने केवल श्रेय लेने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन की स्वीकृति का श्रेय लेने की भाजपा नेताओं में होड़ लगी हुई है उससे भाजपा के झूठ की पोल खुल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने अपने पिछले नौ वर्ष के कार्यकाल में केवल योजनाओं का नाम बदलने का काम कर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया है। इस दौरान पूर्व प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की यूपीए सरकार द्वारा की गई कई योजनाओं को भाजपा अपना बताकर पहले भी श्रेय लेती रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भाजपा वन-रैंक-वन पेंशन का भी श्रेय लेने का प्रयास कर चुकी है परन्तु उसमें एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई। उन्होंने कहा कि सैद्धांतिक रूप में कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय ही वन रैंक वन पेंशन पर पूर्व सैनिकों एवं उनके हितों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय की बुनियाद रखी गई थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चन्द्रयानों का श्रेय लेने का समय-समय पर कुप्रयास कर चुके हैं परन्तु वे भूल जाते हैं कि इन महत्ताकांक्षी योजनाओं की बुनियाद कांग्रेस शासन में पडी है। उन्होंने कहा कि वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल में केवल धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाने तथा पूर्व में संचालित योजनाओं का श्रेय लेने तथा कांग्रेस द्वारा स्थापित संस्थानों को बेचकर अपने व्यावसायिक मित्रों का खजाना भरने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर हथकंडे अपनाकर चुनाव में आना चाहती है परन्तु उनकी असलियत तथा दोहरा चरित्र जनता जान चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *