नदियों से होने वाले खनन को निजी हाथों में सौंपने का होगा विरोधः भुवन कापड़ी

देहरादून ,

खटीमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापडी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राज्य की नदियों से होने वाले खनन को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर ली है जिसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय, राजीव भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य प्राप्ति आंदोलन में शामिल रहे आंदोलनकारियों ने सोचा था कि राज्य बनने के बाद प्रदेश के जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार होगा और राज्य विकास के क्षेत्र में आगे बढेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनन राज्य का प्राकृतिक स्रोत व रोजगार का साधन है आज राज्य सरकार उस पर भी डाका डालने का काम कर रही है और खनन को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर अपने चहेतों को लाभ पहंुचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर की नदियों से होने वाले खनन में काम करने वाले लाखों स्थानीय लोगों का रोजगार छिनने का काम किया जा रहा है। राज्य के लोगों को बाहर का रास्ता दिखाने का कार्य प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। स्थानीय लोगों को एनओसी भी नहीं दी जा रही है यहां तक की रायल्टी भी निजी हाथों को सौंपने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेत, बजरी और पत्थर पर भी उनका ही अधिकार होगा और जिससे राज्यवासियों को महंगें दामों पर यह सब खरीदने के लिए विवश होना पडेगा, वहीं बाॅर्डर पर भी इसी कंपनी के टोल लगाये जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के रोजगार को बेच रही है और भ्रष्टाचार खुलकर सामने आया है। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, महानगर अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी, विकास नेगी, संदीप चमोली आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *