खेल मंत्री ने आबकारी विभाग से निर्धारित एक रुपये प्रति बोतल सेस जमा किये जाने के सम्बन्ध में ली बैठक

 प्राप्त धनराशि खेल कोष अथवा महिला कल्याण कोष में जमा किये जाने के सम्बन्ध में ली समीक्षा बैठक
गौ सेवा, महिला कल्याण तथा खेल कल्याण के लिए रुपये एक प्रति बोतल आबकारी विभाग सेस के रूप में की गई थी अनुशंसा
देहरादून ,

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में अधिकारियों के साथ आबकारी विभाग से रुपये एक प्रति बोतल सेस निर्धारित कर प्राप्त धनराशि खेल कोष अथवा महिला कल्याण कोष में जमा किये जाने के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि मार्च 2023 में कैबिनेट के निर्णय के अनुसार जिसमें गौ सेवा, महिला कल्याण तथा खेल कल्याण के लिए रुपये एक प्रति बोतल आबकारी विभाग सेस के रूप में अनुशंसा की गई थी। इससे प्राप्त धनराशि को महिला सशक्तीकरण, गौ सेवा तथा खेल कल्याण हेतु उपयोग में लाया जायेगा। उन्होंने उपरोक्त के सन्दर्भ में अगस्त 2023 तक उचित कार्यवाही न होने पर मंत्री ने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि आबकारी विभाग द्वारा रुपये एक प्रति बोतल कर संग्रह किये जाने के बाद भी अद्यतन तिथि तक कोई कार्यवाही नहीं हो पायी है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में लिये गये निर्णय के अनुसार रूपये एक प्रति बोतल सेस को संशोधित करते हुए एक रुपये प्रति बोतल अतिरिक्त शुल्क के रूप में आबकारी विभाग द्वारा संग्रह किये जाने का प्रावधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग द्वारा इस संबंध में सहमति प्रदान की गई है। इस दौरान मंत्री ने कहा कि आगामी अनुपूरक बजट में संबंधित विभागों द्वारा मांग किये जाने के आधार पर आबकारी विभाग द्वारा धनराशि का आवंटन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही एक रुपये प्रति बोतल अतिरिक्त शुल्क के संबंध में महिला सशक्तीकरण तथा खेल विभाग अपनी नियमावली तैयार करेंगे, जिससे धनराशि के व्यय के मानकों का तय किया जा सके तथा संबंधित विभागों को समय पर धनराशि उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव, खेल, अभिनव कुमार, सचिव, वित्त, दिलीप जावलकर, सचिव, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, हरिचन्द सेमवाल तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *