CEIR पोर्टल की मदद से कैंट पुलिस ने बरामद किए मोबाइल फोन, वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का जताया आभार
देहरादून ,
दून पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली कैंट पुलिस ने भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से करीब चार लाख रुपये कीमत के आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को पुलिस ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुरक्षित वापस सौंप दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर जिले में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, थानों में मोबाइल फोन खोने की शिकायत मिलने पर गुमशुदगी दर्ज की जाती है। इसके बाद संबंधित मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
इसी क्रम में कोतवाली कैंट पुलिस ने तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल के माध्यम से पूर्व में गुम हुए आठ मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये बताई गई है।
खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके स्वामियों और परिजनों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल के माध्यम से फोन को ब्लॉक कराने एवं उसकी बरामदगी के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
