पुलिस के अनुसार दिल्ली के सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे आरोपी, कॉलेज छात्रों को बनाते थे निशाना
4.50 लाख रुपये की एमडीएमए, इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट बरामद
देहरादून ,
दून पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी देहरादून के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तकनीकी पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे थे और नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल थे। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 22 सितंबर की रात अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। शहंशाही रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास मुखबिर की सूचना पर एक कार से वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगांई और चिराग रस्तोगी को 27.12 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगांई को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आया ड्रग नेटवर्क
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों में रहते हैं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों से तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे और उसके पैडलर के रूप में एमडीएमए की सप्लाई करते थे।
पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू अथवा उसके एजेंट समय-समय पर देहरादून आकर आरोपियों को एमडीएमए उपलब्ध कराते थे। आरोपियों द्वारा सिद्धू के कहने पर दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी एमडीएमए एवं अन्य मादक पदार्थ लेकर देहरादून आने की बात सामने आई है।
कॉलेज छात्रों को बेचते थे एमडीएमए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशेष रूप से कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर एमडीएमए बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए नशे के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
छहों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में वेदांत चौहान (21) पुत्र भानु प्रताप निवासी नालापानी रोड, देवलोक कॉलोनी, थाना रायपुर; रचित शर्मा (21) पुत्र संजय शर्मा निवासी लाडपुर, थाना रायपुर; श्रीकांत ममगांई (22) पुत्र राजीव निवासी आरके पुरम, लोअर अधोईवाला; चिराग रस्तोगी (24) पुत्र प्रदीप रस्तोगी निवासी तपोवन रोड, नालापानी, थाना रायपुर; अभिषेक थापा (21) पुत्र सुशील थापा निवासी मकान नंबर 302, लाडपुर, थाना रायपुर तथा वैभव ममगांई (21) पुत्र रविकांत निवासी आमवाला, रायपुर शामिल हैं।
कार और पैकेट भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए, अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये, UK 07 DE 4167 नंबर की इग्निस कार तथा एमडीएमए की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले 12 पॉलिथीन पैकेट बरामद किए हैं।
कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ की परिकल्पना के तहत नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
