देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता और स्नेह के साथ मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान संस्थान का वातावरण आत्मीयता, स्नेह और अपनत्व से सराबोर रहा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके स्नेह और चेहरों की खुशी उनके जन्मदिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।