“AI for Smart Policing” कार्यशाला में IIT रुड़की के विशेषज्ञों और उत्तराखण्ड पुलिस का उच्चस्तरीय मंथन
देहरादून ,
Artificial Intelligence (AI) की बढ़ती उपयोगिता और संभावनाओं को देखते हुए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ की अध्यक्षता में सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में “AI for Smart Policing: From Everyday Police Operations to Intelligent Surveillance and Cybersecurity” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का संयोजन पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण श्री अनन्त शंकर ताकवाले द्वारा किया गया। इसमें IIT रुड़की के विशेषज्ञों एवं उत्तराखण्ड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग में AI और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यशाला के दौरान IIT रुड़की के विशेषज्ञ प्रो. सौमित्र सतपथी, प्रो. सुदीप रॉय, प्रो. राघवेंद्र सिंह रोहित तथा अपर पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना एवं सुरक्षा श्री अंकुश मिश्रा ने AI in Everyday Policing, Crime Prevention, Smarter Decision Making, AI for Smart Policing और Emerging Cyber Security Challenges for Police जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान साइबर सुरक्षा, इंटेलिजेंट सर्विलांस, अपराध विश्लेषण, डेटा आधारित पुलिसिंग, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा दैनिक पुलिस कार्यों में AI के संभावित उपयोग पर गहन विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अपने व्यावहारिक अनुभव एवं कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को साझा करते हुए तकनीकी समाधानों की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
“AI मानव विवेक का विकल्प नहीं, बल्कि निर्णय क्षमता को सशक्त बनाने का माध्यम” — DGP दीपम सेठ
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि तकनीक और Artificial Intelligence पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं डेटा आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI का उपयोग मानव विवेक के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों की निर्णय क्षमता को और अधिक सशक्त बनाने वाले तकनीकी माध्यम के रूप में किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डेटा सुरक्षा, गोपनीयता, विश्वसनीयता और Responsible AI के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखण्ड पुलिस को तकनीक-सक्षम तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार पुलिस बल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यशाला में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन श्री ए. पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात श्री कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण श्री अनन्त शंकर ताकवाले, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय/पी एंड एम श्री बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक सतर्कता श्री प्रह्लाद मीणा सहित पुलिस मुख्यालय एवं जनपद देहरादून की विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अनुभाग अधिकारी/प्रभारी उपस्थित रहे।
मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड