चीला विद्युत गृह की यूनिट-4 ग्रिड से सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज, RMU के बाद 39 मेगावाट तक हुआ सफल संचालन

देहरादून,
यूजेवीएन लिमिटेड के 144 मेगावाट क्षमता वाले चीला विद्युत गृह की यूनिट संख्या-4 को व्यापक नवीनीकरण, आधुनिकीकरण एवं उच्चीकरण (RMU) कार्यों के बाद शुक्रवार को सफलतापूर्वक ग्रिड के साथ सिंक्रोनाइज कर दिया गया। इसे प्रदेश की जलविद्युत उत्पादन क्षमता को मजबूत करने और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि 36 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-4 को RMU कार्यों के बाद निर्धारित परीक्षणों के दौरान सफलतापूर्वक 39 मेगावाट लोड तक संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक लोड पर इकाई का सफल संचालन इसकी बढ़ी हुई क्षमता, दक्षता, प्रदर्शन और परिचालन विश्वसनीयता को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि 36 मेगावाट की प्रत्येक इकाई वाली 144 मेगावाट क्षमता के चीला विद्युत गृह की यूनिट-4 में RMU कार्यों का उद्देश्य विद्युत एवं यांत्रिक उपकरणों तथा सहायक प्रणालियों को आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप उन्नत करना था। इसके साथ ही इकाई की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाने तथा दीर्घकालीन सुरक्षित संचालन एवं उत्पादन जीवनकाल को बेहतर करना भी परियोजना का प्रमुख उद्देश्य रहा।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि यूनिट-4 के पुनः ग्रिड से जुड़ने से चीला विद्युत गृह की उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता और विश्वसनीयता को मजबूती मिली है। इससे राज्य की विद्युत व्यवस्था को अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने और ग्रिड की मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

अजय कुमार सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव ऊर्जा के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड प्रदेश की जलविद्युत परियोजनाओं के आधुनिकीकरण, क्षमता वृद्धि और बेहतर परिसंपत्ति प्रबंधन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यूनिट-4 का सफल सिंक्रोनाइजेशन यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता, सामूहिक प्रतिबद्धता, कुशल प्रबंधन और प्रभावी कार्ययोजना का परिणाम है। विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय ने भी इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने विश्वास जताया कि चीला विद्युत गृह की यूनिट-4 के सफल पुनः संचालन से उत्तराखंड में स्वच्छ, विश्वसनीय और सतत जलविद्युत उत्पादन को नई गति मिलेगी। इससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने के साथ प्रदेश के समग्र विकास में यूजेवीएन लिमिटेड की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *