15 दिन में समाधान का आश्वासन, तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस ने दी तालाबंदी और घेराव की चेतावनी
देहरादून ,
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली उपभोक्ताओं को आ रही समस्याओं और अचानक बढ़े विद्युत बिलों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छैत्री के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर ऊर्जा विभाग एवं उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली, अचानक बढ़े बिजली बिलों और बिलिंग व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की शिकायत विभाग के समक्ष रखी। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं के बिल अचानक अत्यधिक बढ़े हैं, उनके मीटर तथा विद्युत खपत की जांच कर आवश्यक सुधार किया जाए।
15 दिन में समाधान का आश्वासन
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रितेश छैत्री ने कहा कि यदि निर्धारित समय में उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस ऊर्जा विभाग के खिलाफ तालाबंदी और घेराव करेगी।
कांग्रेस ने रखीं ये प्रमुख मांगें
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा विभाग के समक्ष स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—
- शिकायत वाले स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें बदला जाए।
- नए लगाए गए स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
- अचानक बढ़े विद्युत बिलों वाले उपभोक्ताओं के मीटर और विद्युत खपत की जांच कर बिलों में आवश्यक सुधार किया जाए।
- मीटर की जांच पूरी होने तक गलत एवं विवादित विद्युत बिलों की वसूली पर रोक लगाई जाए।
- दोषपूर्ण मीटर तत्काल बदले जाएं और अतिरिक्त वसूली गई राशि का समायोजन या भुगतान किया जाए।
- उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग और बिजली बिल की गणना से संबंधित पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाए।
- स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले उपभोक्ताओं को इसकी प्रक्रिया, नियमों और बिल निर्धारण व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए: छैत्री
रितेश छैत्री ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को किसी भी स्थिति में अनावश्यक आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना चाहिए। यदि स्मार्ट मीटर अथवा बिलिंग व्यवस्था में तकनीकी खामी के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिल मिल रहे हैं तो ऊर्जा विभाग को तत्काल जांच कर उन्हें राहत देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपभोक्ताओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। स्मार्ट मीटर और विद्युत बिलों से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष समाधान होने तक कांग्रेस इस मुद्दे को विभाग के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रतिनिधिमंडल में संजय शर्मा, राजीव पुंज, संजय कुमार, अनुराग गुप्ता, चरणजीत कौशल, प्रमोद गुप्ता, राजेश शर्मा, दीवान बिष्ट, मुकेश चौहान, राम कुमार थपलियाल, अनिल नेगी, अनिल बस्नेत, राजेंद्र धवन, विजय शाही, कासिम चौधरी, बबलू, मोहित मेहता, राजीव प्रजापति, सतीश कुमार, गौरव वर्मा, मेहताब आलम, नितिन रावत, अरुण सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।