देहरादून ,
श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डीएम कार्डियोलॉजी फाइनल ईयर रेजीडेंट डॉ. जयकृत चौधरी ने प्रतिष्ठित जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज फिनाले में दूसरा स्थान हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों के चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में डॉ. जयकृत ने अपने चिकित्सकीय ज्ञान, क्लिनिकल समझ, त्वरित निर्णय क्षमता और विश्लेषणात्मक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने देश की शीर्ष छह फाइनलिस्ट टीमों में अपनी जगह बनाई और नेशनल फिनाले के लिए क्वालीफाई किया।
डॉ. जयकृत की इस उपलब्धि की खास बात यह रही कि वह उत्तराखंड से नेशनल फिनाले के लिए चयनित होने वाले एकमात्र कार्डियोलॉजिस्ट रहे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए दूसरा स्थान हासिल करना उनके साथ-साथ श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल और देहरादून के लिए भी गौरव की बात है।
श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने डॉ. जयकृत चौधरी की उपलब्धि पर उन्हें तथा कार्डियोलॉजी विभाग की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां संस्थान के चिकित्सा एवं अकादमिक स्तर को मजबूत करने के साथ युवा चिकित्सकों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करती हैं।
अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं कैथ लैब डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. तनुज भाटिया ने भी डॉ. जयकृत की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फिनाले तक पहुंचना उनकी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। यह पूरे विभाग के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है।
गौरतलब है कि श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में डीएम कार्डियोलॉजी की छह सीटें उपलब्ध हैं। जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज देशभर के युवा एवं प्रतिभाशाली चिकित्सकों के बीच चिकित्सा ज्ञान, क्लिनिकल सोच, त्वरित निर्णय क्षमता और नवीनतम चिकित्सकीय जानकारी को परखने वाली राष्ट्रीय स्तर की अकादमिक प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता में कार्डियोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन सहित विभिन्न चिकित्सा विषयों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की विशेषज्ञता का आकलन किया गया।