विकासनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 685 मरीजों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून ,

सेवा सप्ताह के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय विकासनगर में 3 से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दूसरे चरण के प्रथम दिवस पर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बॉबी नौटियाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत, आभा (ABHA), एनसीडी, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत भी लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं।

प्रथम दिवस की रिपोर्ट के अनुसार कुल 685 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 233 पुरुष और 452 महिलाएं शामिल रहीं। एनसीडी कार्यक्रम के तहत 79 मरीजों की स्क्रीनिंग, 58 एएनसी जांचें, 60 टीबी स्क्रीनिंग तथा 86 लाभार्थियों की आरकेएसके एवं परिवार नियोजन संबंधी काउंसलिंग और स्क्रीनिंग की गई। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 2 आयुष्मान कार्ड तथा 18 आभा आईडी भी बनाई गईं।

प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन, लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT), लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 279 विभिन्न जांचें की गईं।

विशेषज्ञ विभागों में नेत्र रोग विभाग में 70, सर्जरी में 67, ईएनटी में 83, दंत विभाग में 32, अस्थि रोग विभाग में 96, फिजिशियन विभाग में 190, फिजियोथेरेपी विभाग में 15, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 112 तथा बाल रोग विभाग में 60 मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त 20 ईसीजी, 49 अल्ट्रासाउंड, 25 टीबी एक्स-रे तथा 149 अन्य एक्स-रे भी किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने शिविर में उपलब्ध कराई गई विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *