हरेला पर्व पर भंगोटा में हुआ वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

चमोली ,

उत्तराखंड के पारम्परिक लोकपर्व हरेला के अवसर पर जनपद चमोली के विकासखंड नाना बगड़ की ग्राम सभा भंगोटा में श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्य बिरेंद्र सिंह मेहरा के नेतृत्व में ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान रुद्राक्ष, चंदन, बरगद, पीपल, बेलपत्र, कीवी सहित अनेक औषधीय एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया। प्रतिभागियों ने केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर उनके संरक्षण, नियमित देखभाल एवं उन्हें विकसित करने का भी सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन समाज में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मीना देवी, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र मेहरा, सुजान सिंह, अनिल, सतेन्द्र सहित अनेक ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *