प्रेमनगर पुलिस ने धारदार हथियार सहित अभियुक्त को दबोचा
देहरादून ,
कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने पार्सल वापस ले जाने को लेकर हुए विवाद में डिलीवरी बॉय पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वादी नवीन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह न्यू स्मिथ नगर क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी करने गया था। वहां सुमित लोधी नामक व्यक्ति ने पार्सल को गलत बताते हुए लेने से इनकार कर दिया और उसे वापस ले जाने को कहा।
शिकायत के मुताबिक जब डिलीवरी बॉय ने पार्सल वापस ले जाने से मना किया तो आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 25 मई 2026 को आरोपी सुमित लोधी को मोहनपुर चाय बागान क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बद्रीपुर क्षेत्र के पास से बरामद कर लिया गया।