मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, भू कानून उल्लंघन की जांच और मानसून तैयारियों पर जोर

देहरादून ,

पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। उन्होंने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए। साथ ही वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज करने और उसकी नियमित समीक्षा करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच करने और अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने को कहा। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को पूर्व तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी करने और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि तकनीकी कारणों से बिजली कटौती जरूरी हो तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता तक समय पर पहुंचाई जाए।

चारधाम यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लिया जाए और शिकायतों एवं सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। यात्रा मार्गों पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने मानसखंड यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *