पुष्कर सिंह धामी नगाण गांव में श्रीमद्भागवत कथा में हुए शामिल

देहरादून/उत्तरकाशी ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने भगवान की कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

शनिवार को भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध पर आयोजित कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं, तब से देश में सनातन धर्म का स्वर्णिम युग आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण और राम मंदिर अयोध्या का निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य की बुद्धि और विवेक जागृत होता है तथा पितरों को भी बैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि जैसे वृंदावन में वृंदा धाम है, वैसे ही उत्तराखंड में चारधाम विराजमान हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा केदारनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद बद्रीनाथ मंदिर में मास्टर प्लान के तहत कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो निरंतर चलती रहती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *