देहरादून ,
पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोपरि रहे और सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं।
सीएम धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और आपात स्थिति से निपटने हेतु सभी आवश्यक सेवाओं को मुस्तैद रखने की बात कही।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित ढंग से की जाएं। इसके अलावा, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।