देहरादून ,
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने बुधवार को सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पुलिस, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), स्वास्थ्य, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों से तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को जाम और स्लाइडिंग जोन वाले स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम और भूस्खलन के कारण मार्ग बाधित होने की स्थिति में यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े होल्डिंग एरिया चिन्हित किए जाएं, जहां रुकने और भोजन की समुचित व्यवस्था हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर यातायात और मौसम से संबंधित जानकारी यात्रियों तक लगातार वॉकी-टॉकी, एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से पहुंचाई जाए। साथ ही चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण के दौरान यात्रियों को ‘सचेत ऐप’ अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराया जाए।
मुख्य सचिव ने आपदा प्रबंधन विभाग के मैसेजिंग अलर्ट सिस्टम का उपयोग कर यात्रा मार्गों पर यात्रियों को समय-समय पर जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से रेस्क्यू और राहत कार्य की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
पर्यटन विभाग को चारधाम यात्रा मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने और इसके लिए स्थान चिन्हित कर योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मार्गों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाने पर भी जोर दिया गया ताकि श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग से चारों धामों में चिकित्सकों की तैनाती की जानकारी लेते हुए मुख्य सचिव ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में 15-15 दिन के रोटेशन पर डॉक्टरों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच और विभिन्न स्थानों पर स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित करने को भी कहा।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्गों की मरम्मत और रखरखाव पूरा करने के निर्देश दिए गए। डेंजर और स्लाइडिंग जोन चिन्हित कर वहां मशीनें और उपकरण उपलब्ध रखने को भी कहा गया।
मुख्य सचिव ने विद्युत विभाग को बद्रीनाथ धाम में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने और चारों धामों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल की सुचारू आपूर्ति और जीएमवीएन को अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए कहा गया।
नागरिक उड्डयन विभाग को शटल सेवा के लिए जल्द एसओपी जारी करने और चारों धामों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। सूचना विभाग को यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
वहीं परिवहन विभाग को वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड समय पर उपलब्ध कराने तथा आपूर्ति विभाग को यात्रा मार्गों पर रसोई गैस, केरोसीन, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।