देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर और चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने चैत्र नवरात्रि को शक्ति की उपासना का पावन पर्व बताते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है। इस दौरान किया जाने वाला कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से नारियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि हमारे पौराणिक ग्रंथों में चैत्र नवरात्रि को विशेष महत्व दिया गया है और इसे आत्मशुद्धि तथा सद् प्रवृत्तियों का आधार माना गया है। मां दुर्गा की आराधना से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
प्रदेश में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की परंपरा रही है, जो आस्था और संस्कृति को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन परंपरा में हर शुभ कार्य से पहले संकल्प लेने की परंपरा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि इस पावन पर्व पर रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों के लिए संकल्प लें तथा देश और समाज की सेवा के लिए आगे आएं।
👉 अंत में मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह नव संवत्सर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
