हरिद्वार ,
हरिद्वार में आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समितियों की बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य संभ्रांत व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट से दूर रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ईद के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने जनपदवासियों को भरोसा दिलाया कि त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
