देहरादून ,
देहरादून में राज्य सरकार ने आगामी चारधाम यात्रा को लेकर व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की तैयारी की है। इस बार यात्रा पर आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए यात्रा मार्गों पर 177 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जबकि हेली और बोट एंबुलेंस भी यात्राकाल के दौरान मुस्तैद रहेंगी।
राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सुरक्षित और स्वस्थ चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। यात्रा मार्गों, मुख्य पड़ावों और चारों धामों में स्थापित स्थायी और अस्थायी चिकित्सा इकाइयों में अनुभवी चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के स्वास्थ्य की निगरानी ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल पर की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यात्रा के दौरान 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और कार्डियक एंबुलेंस सहित कुल 177 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी, जिनका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि एंबुलेंस का न्यूनतम रिस्पांस टाइम सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि तीर्थयात्रियों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की जांच और आवश्यक उपचार की व्यवस्था होगी। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल अधिकारी और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा 100 स्वास्थ्य मित्र भी यात्रा मार्गों पर सेवाएं देंगे।
