श्री दरबार साहिब व श्री झण्डा साहिब में उमड़ी संगत, मंगलवार को होगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा

देहरादून ,

रविवार को श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद सोमवार को भी दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में संगतों की भारी चहल-पहल रही। देश-विदेश से आई संगतों के साथ बड़ी संख्या में देहरादून के श्रद्धालुओं ने भी श्री झण्डा साहिब पर शीश नवाया और श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगी।

सुबह से ही दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शनों के लिए संगतें कतारों में खड़ी रहीं। श्री महाराज जी ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गुरु महिमा तथा गुरु भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि गुरु की शरण में आने से ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने भक्ति, सेवा और सत्कर्म को मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए संगतों को प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

मंगलवार को निकलेगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज श्री झण्डा महोत्सव-2025 के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि परंपरा के अनुसार श्री झण्डे जी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। मंगलवार सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा आरंभ होगी, जिसमें लगभग 25 हजार से अधिक संगतों के शामिल होने की संभावना है।

नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से प्रारम्भ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंचेगी, जहां संगतों को चने, मुरमुरे और गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके बाद तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी, रीठा मंडी होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंचेगी। यहां गन्ने का प्रसाद बांटा जाएगा। ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद नगर परिक्रमा दोपहर लगभग 12 बजे श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न होगी।

भजनों और कीर्तन से गूंजा दरबार परिसर

सोमवार को श्री दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा के भजनों और कीर्तनों की विशेष धूम रही। “गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा”, “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” और “मेरे सतगुरु दाता मेहर कर दाता” जैसे भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

संगतों की सेवा में लगे लंगर

श्री दरबार साहिब के अंदर और बाहर संगतों की सेवा के लिए लंगर लगाए गए हैं, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी चिकित्सा सेवा के लिए उपलब्ध है।

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में आयोजित इस शिविर में संगतों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *