राज्यपाल ने कोर विश्वविद्यालय रुड़की के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को किया सम्मानित

हरिद्वार,

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज कोर विश्वविद्यालय रुड़की के दूसरे दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को डिग्री और मेडल प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आत्मबोध से राष्ट्रबोध की यात्रा

राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री लेने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मबोध से राष्ट्रबोध की जागरूक यात्रा का आरंभ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी खोजने के बजाय रोजगार सृजक बनने और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

“राष्ट्र सर्वोपरि” का दिया संदेश

राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत के बाद विद्यार्थियों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है और वे राष्ट्र के निर्माता बनते हैं। “राष्ट्र सर्वोपरि” के मंत्र को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मार्ग जागरूक और प्रतिबद्ध युवाओं से प्रशस्त होगा।

तकनीक और नवाचार पर जोर

उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के शोध, नवाचार, उद्योगों से एमओयू और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के प्रयासों की प्रशंसा की और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई दी।

सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी से सम्मानित विद्यार्थी

दीक्षांत समारोह में सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी से सम्मानित किए गए—

  • आयुषी पंवार (बी.कॉम ऑनर्स, 2022–25) — 9.9 सीजीपीए

  • डोना चौहान (डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग, 2023–25) — 9.16 सीजीपीए

  • हनी चौधरी (एमसीए, 2023–25) — 9.5 सीजीपीए

गणमान्य रहे मौजूद

जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने राज्यपाल का तुलसी पौधा भेंट कर स्वागत किया।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार डॉ. अजय शर्मा ने की। इस अवसर पर ग्लोबल टेलीकॉम एंड एजुकेशन एसोसिएशन के चेयरमैन प्रो. एन. के. गोयल, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट जे.सी. जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी. आर. चौहान, एसएसपी देहात शेखर सुयाल, एसडीएम हरिद्वार जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. श्रीयांस जैन, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. चिन्नेयान रामासुब्रमण्यम, फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *