देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक पूरी कर ली जाएं और सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ हमारी संस्कृति, आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा बड़ा धार्मिक आयोजन है, इसकी सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने, घाटों के सौंदर्यीकरण और आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण कार्य करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक घाट पर स्नान की समुचित व्यवस्था हो, मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना बने और प्रमुख स्थानों पर शौचालय व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबल, जल पुलिस, सीसीटीवी, ड्रोन व अन्य आधुनिक उपकरणों के उपयोग के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था को लेकर अलग-अलग विस्तृत योजनाएं तैयार की जाएं। साथ ही कुंभ क्षेत्र में अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल मेडिकल टीम की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाए और अन्य राज्यों से भी बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं और स्थानीय लोगों के सुझावों को शामिल करते हुए तैयारियां की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में कैबिनेट मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रमुख सचिव, कुंभ मेला अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।