मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा, अक्टूबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुम्भ मेला-2027, हरिद्वार की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाएं तथा सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हों।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी फाइल लंबित न रहे। किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भव्य, दिव्य और सफल कुम्भ मेले का आयोजन करना है।

मुख्यमंत्री ने सचिव, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में स्थित सभी पुलों का ऑडिट कराने, सभी घाटों के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए स्नान की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्रमुख स्थलों पर शौचालय एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल, जल पुलिस की तैनाती तथा ड्रोन, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से विस्तृत योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को भूमि आवंटन समय पर किया जाए, जिसकी स्वयं मेलाधिकारी द्वारा मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां करने के निर्देश दिए।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने, वन से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति लेने तथा अन्य राज्यों के साथ भी परस्पर समन्वय स्थापित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े सभी विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी की तैयारियां समय से पूरी करने तथा मेला क्षेत्र में अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *