देहरादून ,
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से मनाने के लिए राजधानी देहरादून में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रविवार को जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य मंच सहित प्रत्येक ब्लॉक में अतिथियों, विधायकों, दायित्वधारियों एवं गणमान्य नागरिकों के सुगम आगमन व बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों के लिए विशेष एवं सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था पर विशेष बल दिया। साथ ही वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण, सुदृढ़ साउंड सिस्टम, एंकर व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु जनरेटर बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश द्वारों एवं मुख्य मंच की साज-सज्जा को आकर्षक एवं गरिमामय बनाए रखने, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां पूर्ण रखने तथा नोडल अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही विकासपरक विभागीय झांकियों के सुचारू मूवमेंट, प्रत्येक ब्लॉक में पर्याप्त सीटिंग, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रवेश व्यवस्था
परेड ग्राउंड में प्रवेश हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं—
-
गेट संख्या-1: मुख्य मंच, गंगा एवं अलकनंदा ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश
-
गेट संख्या-2: भागीरथी ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश
-
गेट संख्या-3: परेड दल एवं झांकियों का प्रवेश
-
गेट संख्या-4: आसन, टौंस एवं यमुना ब्लॉक के पास धारकों एवं दर्शकों का प्रवेश
कार्यक्रम का समय-सारिणी
गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा।
-
10:00 बजे – परेड दलों की प्रतिबद्धता एवं परेड कमांडर द्वारा परेड का भार ग्रहण
-
10:20 बजे – मुख्यमंत्री का आगमन
-
10:28 बजे – राज्यपाल का गरिमामय आगमन
-
10:30 बजे – ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान
-
10:35 बजे – मार्च पास्ट, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
-
11:25 बजे – पुलिस मेडल वितरण
-
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन एवं महानुभावों का प्रस्थान