समाधान से लेकर सुधार तक—शिक्षा, उपचार, आर्थिक सहायता और न्याय का भरोसा
देहरादून,
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम जनमानस के प्रति प्रशासन की विश्वसनीय और संवेदनशील प्रतिबद्धता का सशक्त माध्यम बन रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आज आयोजित जनदर्शन में 130 से अधिक शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जनपद के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जनपदों से भी फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर जनदर्शन में उपस्थित हुए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के समाधान के उपरांत संबंधित फरियादी को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनमानस का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को न्याय, भरण-पोषण अधिनियम में वाद दर्ज
सहारनपुर रोड निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष ने जनदर्शन में अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि पति की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति पुत्र के नाम गिफ्ट डीड कर दी थी। पुत्र की मृत्यु के पश्चात बहू द्वारा उनकी देखभाल नहीं की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एकल माता व विधवा की बेटियों की शिक्षा नंदा-सुनंदा से होगी पुनर्जीवित
ओगल भट्टा निवासी एकल माता मोनिका की दो बेटियों की शिक्षा पुनः प्रारंभ कराने हेतु प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के अंतर्गत सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
वहीं झंडा मोहल्ला निवासी विधवा रेनू देवी की पुत्री अनुष्का की शिक्षा नंदा-सुनंदा योजना से तथा पुत्र अर्णीत की फीस माफी के लिए विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कैंसर पीड़िता को रायफल क्लब फंड से सहायता
ग्राम चमेली, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) निवासी उमा रानी ने बताया कि उनका पीजीआई चंडीगढ़ में विगत पाँच वर्षों से उपचार चल रहा है तथा चिकित्सकों द्वारा कैंसर की पुष्टि की गई है। जिलाधिकारी ने रायफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता हेतु प्रभारी अधिकारी शस्त्र को पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता
गांधीग्राम निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं तथा मार्च माह में पुत्री का विवाह प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को शासन की योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
18 माह से लंबित दाखिल-खारिज पर सख्त रुख
मालदेवता निवासी गौरव पवार द्वारा 18 माह से लंबित दाखिल-खारिज प्रकरण की शिकायत की गई। मामला पटवारी स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एक दिन के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि अनुपालन न होने की स्थिति में संबंधित पटवारी के निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट संदेश दिया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और प्रत्येक अधिकारी जनहित के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।
इस अवसर पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी सदर हरिगरि, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विद्युत, एमडीडीए, पेयजल, लोनिवि आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।