मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल विंटर कार्निवाल में किया प्रतिभाग

शीतकालीन पर्यटन आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव: मुख्यमंत्री

नैनीताल ,

 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पर्यटन नगरी नैनीताल में आयोजित भव्य विंटर कार्निवाल में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शीतकालीन पर्यटन आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल विंटर कार्निवाल उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का उत्सव होने के साथ-साथ “विकास भी–विरासत भी” की सोच को साकार करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल में आयोजित इस विंटर कार्निवाल से क्षेत्र में पर्यटन विकास को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने नैनीताल विंटर कार्निवाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन कई मायनों में विशेष है। एक ओर जहां इस भव्य कार्निवाल के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं नैनीताल के समग्र विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती है, जिन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य के स्वप्न को साकार किया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस अवसर पर नैनीताल जनपद में 121 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 13 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नैनीताल की पावन भूमि पर इतने भव्य रूप में शीतकालीन कार्निवाल का आयोजन होना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। इस कार्निवाल के माध्यम से जहां पर्यटकों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से देखने का अवसर मिल रहा है, वहीं वे लोक संस्कृति, कारीगरी और पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित हो रहे हैं।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश और प्रदेश के प्रख्यात कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। इसके साथ ही बोट रेस, सांस्कृतिक झांकियां, लाइट एंड साउंड शो और आकर्षक बैंड प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्निवाल में पर्यटकों के लिए प्रकृति भ्रमण, ट्रेकिंग, एस्ट्रो टूरिज़्म और आर्टिफ़िशियल रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विंटर कार्निवाल न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक कलाओं को प्रस्तुत करने का सशक्त मंच है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि पूर्व की भांति शरदोत्सव, ओटम फेस्टिवल जैसे आयोजनों को पुनः शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

One thought on “मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल विंटर कार्निवाल में किया प्रतिभाग

Leave a Reply to usdt チャート Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *