मुख्यमंत्री धामी ने ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को किया फ्लैग-ऑफ – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी ने ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को किया फ्लैग-ऑफ

देहरादून ,

राजधानी स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को फ्लैग-ऑफ किया। यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा शुरू की गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी नागरिक भौगोलिक या आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इस पहल से दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना आसान होगा। उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।

परियोजना के प्रथम चरण में जनपद चमोली और टिहरी गढ़वाल को शामिल किया गया है, जहां दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की गई हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा सेवाएं, 29 से अधिक प्रकार की निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श एवं रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक मोबाइल यूनिट में डॉक्टर मौजूद रहेंगे और ये यूनिट्स गांवों, कस्बों, स्कूलों एवं बाजारों में निर्धारित समय पर जाकर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी। इसके लिए संबंधित जनपदों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम में ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन श्री कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी तथा डॉ. सुभाष गुप्ता उपस्थित रहे।

2 thoughts on “मुख्यमंत्री धामी ने ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को किया फ्लैग-ऑफ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *