दूरस्थ त्यूणी क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा, सीएसआर फंड से 4.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

देहरादून ,

जिले की दूरस्थ तहसील त्यूणी के ग्राम अटाल में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजीवीएनएल) के सीएसआर फंड से 4 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

यह सहायता राशि क्षेत्र के लगभग 300 गरीब एवं मेधावी बच्चों को निःशुल्क शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने वाले एक एनजीओ को प्रदान की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत इस एनजीओ ने जिलाधिकारी के समक्ष यह तथ्य रखा था कि अटाल क्षेत्र के कई बच्चे आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को सीएसआर फंड से सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्ताव के अनुमोदन के पश्चात यूजीवीएनएल द्वारा उक्त धनराशि जारी की गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि “शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। जिला प्रशासन इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी बच्चे की आर्थिक स्थिति उसकी प्रतिभा के विकास में बाधा न बने।” उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *