मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टॉपर छात्रों को “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” के लिए किया रवाना

डायरी में दर्ज करेंगे यात्रा अनुभव और उत्तराखंड के नवाचार
सर्वश्रेष्ठ डायरी लिखने वाले प्रत्येक जनपद के दो मेधावियों को मिलेगा पुरस्कार

देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा–2025 के हाईस्कूल टॉपर 240 छात्र–छात्राओं के दल को “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये छात्र अलग–अलग दलों में देश के विभिन्न राज्यों और महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं तकनीकी संस्थानों का भ्रमण करेंगे।

एससीईआरटी ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भ्रमण प्रतिभाशाली छात्रों को भारत की प्रगति, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देगा।

उन्होंने छात्रों से अपनी डायरी में यात्रा अनुभव के साथ उत्तराखंड में पहली बार हुए नवाचारों को भी दर्ज करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में पहली बार यूसीसी लागू करने वाला राज्य है, साथ ही पहली बार सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की अन्य उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड को सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में प्रथम स्थान मिला है। कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में राज्य की झांकी प्रथम रही, 27 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई, पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ और 10 हजार एकड़ भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण से लौटने के बाद डायरी के आधार पर प्रत्येक जनपद से दो–दो छात्र–छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024–25 से प्रारम्भ हुए इस कार्यक्रम में पहले चरण में 156 छात्रों ने प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों का दौरा किया था, जो इस वर्ष बढ़कर 240 हो गया है। छात्र इसरो, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, प्रोफेसर यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसी संस्थाओं में जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा छात्रों में टीमवर्क, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाएगी तथा उन्हें नए भारत की तकनीकी प्रगति देखने का अवसर देगी। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए अपने सपने बड़े रखने और चुनौतियों से सीखकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर संविधान दिवस के दिन 23 हजार स्कूलों में वंदेमातरम का गायन कराया गया, जिसमें 21 लाख लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से 1000 प्रतिभाशाली छात्रों को इस शैक्षिक भ्रमण पर भेजने की अनुमति भी दे दी गई है।

कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव रंजना राजगुरु, शिक्षा महानिदेशक सुश्री दीप्ति सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *