सीएससी केंद्र में बड़ी अनियमितताएं उजागर: बिना हस्ताक्षर वाले दस्तावेज़, मनमाना शुल्क और अपडेट न होने वाले रजिस्टर; प्रशासन ने केंद्र किया सील

उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व में छापेमारी; अग्रिम आदेशों तक केंद्र की सेवाएं बंद

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लगातार चल रहा है सीएससी सेंटरों में निरीक्षण अभियान—अनियमितता मिली तो लगेगा ताला

देहरादून ,

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने तहसील परिसर स्थित रमन एंटरप्राइज़ेज (सीएससी सेंटर) पर औचक निरीक्षण करते हुए बड़ी अनियमितताएं पकड़ीं। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व में की गई। गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान टीम को केंद्र में विभिन्न योजनाओं के आवेदन पत्र और अभिलेख मिले, जिन पर आवेदकों के हस्ताक्षर नहीं थे। अभिलेखों के बारे में पूछे जाने पर केंद्र में मौजूद स्टाफ संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

इसके साथ ही टीम ने पाया कि—

  • विभिन्न प्रमाणपत्र व सरकारी सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली गई

  • 27 नवंबर 2025 से दैनिक रजिस्टर अपडेट नहीं किए गए

  • लेन-देन विवरण और सेवा अभिलेखों में गंभीर त्रुटियां थीं

  • कई दस्तावेजों में नियमों का पालन नहीं किया गया

इन अनियमितताओं के बाद जिला प्रशासन ने केंद्र को सील करते हुए संचालन अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया।

जांच के दौरान टीम ने केंद्र में संचालित विभिन्न सेवाओं, फीस विवरण, रजिस्टर, लेन-देन और अभिलेखों की गहन पड़ताल की। अनियमितताओं के प्रमाण मिलने और केंद्र संचालक की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जनसेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर उपभोक्ता शोषण, अनियमितता या पारदर्शिता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का निरीक्षण अभियान आगे भी निर्बाध जारी रहेगा और जहाँ अनियमितता मिलेगी, वहाँ ताला लगेगा।

इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *