मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात, जल विद्युत परियोजनाओं और खेल विश्वविद्यालय के लिए मांगा सहयोग – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात, जल विद्युत परियोजनाओं और खेल विश्वविद्यालय के लिए मांगा सहयोग

नई दिल्ली ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में सात जल विद्युत परियोजनाओं (कुल क्षमता 647 मेगावाट) के विकास और निर्माण की स्वीकृति हेतु केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया।

पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में जल विद्युत परियोजनाओं का विकास पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए किया जा रहा है।

खेल विश्वविद्यालय के लिए वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने युवाओं को खेलों के माध्यम से रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए लगभग 12.317 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण हेतु प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।

केंद्र से सहयोग का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री की मांगों पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए राज्य को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में भारत सरकार के पर्यावरण सचिव तन्मय कुमार, उत्तराखंड के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, और स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *