देहरादून ,
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से आज राजभवन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों ने उत्तराखण्ड से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से राज्य की परंपराएँ, पर्यटन और आयुर्वेद पर विचार-विमर्श हुआ। मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजन और अनाज औषधीय महत्व रखते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग “आयुर्वेद भोजन थाली” की संकल्पना पर काम कर रहा है, जो राज्य की खानपान संस्कृति को नई पहचान देगा और स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करेगा।
इसके अलावा, उत्तराखण्ड को देश-विदेश में पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए राज्य की विशेषताओं और आध्यात्मिक स्थलों पर आधारित शॉर्ट मूवी और कॉफी टेबल बुक तैयार की जा रही है। साथ ही परंपरागत आयुर्वेद और जड़ी-बूटियों के ज्ञान को जीवित रखने वाले वैद्यों को सम्मानित करने का भी प्रस्ताव है।
राज्यपाल ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ये न केवल उत्तराखण्ड की परंपरा और संस्कृति को संरक्षित करेंगे, बल्कि राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने में भी सहायक होंगे।