देहरादून,
विश्व हृदय दिवस (World Heart Day) के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के सभागार में सोमवार को ‘कीप द बीट, लव योर हार्ट’ थीम पर रंगारंग व शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल के हृदय रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. तनुज भाटिया के स्वागत अभिभाषण से हुआ। उन्होंने विश्व हृदय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस हृदय रोगों के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देता है।
इसके उपरांत सरस्वती वंदना हुई तथा निदेशक डॉ. मनोज गुप्ता, प्राचार्य डॉ. अशोक नायक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में कैथलैब स्टाफ भूपेन्द्र लिंबू ने गिटार की धुन पर गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। वहीं सीसीयू एवं डे केयर स्टाफ ने गढ़वाली गीतों पर समूह नृत्य पेश किया।
क्लीनिकल क्वेश्चन्स इन कार्डियोलॉजी विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे प्रतिभागियों को हृदय रोगों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिलीं। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञों ने मैनीक्विन पर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रदर्शन कर आपात स्थिति में जीवन बचाने की तकनीक सिखाई।
इसके अलावा कार्डियक एचडीयू स्टाफ ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। 13 वर्षीय अनुष्का जोशी ने व्यवहारिक रूप से आर्टिस्टिक योगा कर दिखाया। वहीं डॉ. अनामिका ने योग व ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में प्रो. डॉ. तनुज भाटिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन सिमरन अग्रवाल और कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ समन्वयक तनमय भटनागर ने किया।
इस अवसर पर डॉ. पुनीत ओहरी, डॉ. ललित कुमार वाष्णेय, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. निधि जैन, डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. नारायण जीत, डॉ. संजय साधु और डॉ. भावना प्रभाकर सहित अनेक विशेषज्ञ एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।