एसजीआरआर विश्वविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर छात्रों ने दिया सेवा का संदेश

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ पटेलनगर कैंपस ऑडिटोरियम में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सुनैना रावत, राज्य समन्वयक, एनएसएस उत्तराखंड, विश्वविद्यालय के माननीय सलाहकार प्रो. डॉ. प्रथप्पन के. पिल्लई, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर, एनएसएस समन्वयक डॉ. नवीन गौरव और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कमला ध्यानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

मुख्य अतिथि सुनैना रावत ने विश्वविद्यालय को एनएसएस की तीन स्वतंत्र (स्ववित्तपोषित) इकाइयों की सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं के लिए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी मंच है, जो न केवल सेवा की भावना विकसित करता है, बल्कि नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण भी प्रदान करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

प्रो. डॉ. प्रथप्पन के. पिल्लई ने कहा कि एनएसएस समाज में सेवा और त्याग की भावना को बढ़ावा देती है। कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सेवा का भाव ही सच्ची शिक्षा का आधार है और युवा तभी सफल कहलाते हैं जब वे समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए आगे आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *