देहरादून ,
उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ वर्ष 2024 में जनता ने कुल 174 शिकायतें दर्ज कराईं। यह खुलासा सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन को राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई वार्षिक रिपोर्ट 2024 से हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) व उससे उच्च स्तर के अधिकारियों के खिलाफ 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं, गढ़वाल मंडल के सात जिलों से एएसपी से नीचे स्तर के पुलिसकर्मियों के खिलाफ 97 शिकायतें जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण देहरादून को और कुमाऊं मंडल के छह जिलों से 59 शिकायतें जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण हल्द्वानी को प्राप्त हुईं।
नदीम उद्दीन ने पुलिस महानिदेशक कार्यालय के लोक सूचना अधिकारी से सूचना मांगी थी। मामला उत्तराखंड शासन के गृह विभाग और फिर राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को हस्तांतरित हुआ। इसके बाद प्राधिकरण के लोक सूचना अधिकारी सी.सी. अन्थवाल ने वार्षिक रिपोर्ट की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराई।
रिपोर्ट के प्रमुख आंकड़े:
-
राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण: 2024 में 18 शिकायतें (16 प्रकीर्ण), 22 लंबित मामलों के साथ कुल 40 में से 8 का निस्तारण, 12 जिला प्राधिकरणों को भेजी गईं, 20 वर्षांत में लंबित।
-
जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण देहरादून: 97 नई शिकायतें, 64 लंबित के साथ कुल 161 में से 89 का निस्तारण, 72 शेष।
-
जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण हल्द्वानी: 59 नई शिकायतें, 21 लंबित के साथ कुल 80 में से 67 का निस्तारण, 13 शेष।
कार्रवाई की सिफारिशें:
-
राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण की अध्यक्ष न्यायमूर्ति एन.एस. धानिक व सदस्यों पुष्पन ज्योति, अजय जोशी और एम.सी. तिवारी की पीठ ने एक मामले में एएसपी स्तर से ऊपर के अधिकारी को अवचार का दोषी मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की।
-
देहरादून जिला शिकायत प्राधिकरण (अध्यक्ष के.डी. भट्ट, सदस्य एस.एस. वल्दिया और डॉ. के.आर. नैथानी) ने पांच मामलों में 1 निरीक्षक, 3 उपनिरीक्षकों और 2 कांस्टेबलों पर कार्रवाई की अनुशंसा की।
-
हल्द्वानी जिला शिकायत प्राधिकरण (अध्यक्ष आर.डी. पालीवाल, सदस्य बी.एस. मर्तोलिया और डी.सी. तिवारी) ने चार मामलों में 2 थानाध्यक्षों, 3 उपनिरीक्षकों और 1 कांस्टेबल पर कार्रवाई की सिफारिश की।
जिलावार विवरण:
-
राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को मिली 18 शिकायतों में 6 देहरादून, 7 हरिद्वार, 4 उधम सिंह नगर और 1 नैनीताल से थीं।
-
देहरादून जिला प्राधिकरण को मिली 97 में 50 हरिद्वार, 43 देहरादून, 1-1 रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली व अन्य प्रदेश से थीं। पौड़ी व उत्तरकाशी से कोई शिकायत नहीं।
-
हल्द्वानी जिला प्राधिकरण को मिली 59 में 36 उधम सिंह नगर, 18 नैनीताल, 2 अल्मोड़ा, 1-1 बागेश्वर, चम्पावत व पिथौरागढ़ से थीं।
रिपोर्ट से स्पष्ट है कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ जनता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और प्राधिकरण स्तर पर उन पर कार्रवाई की सिफारिशें भी की जा रही हैं। यह राज्य पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।