स्वच्छ उत्सव-2025 का आगाज़: सीएम धामी ने दिलाया स्वच्छ भारत का संकल्प

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजधानी देहरादून में स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएँ दीं।

धामी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और जनता से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा व स्वच्छता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, स्वच्छता की शपथ दिलाई और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान एक देशव्यापी जनांदोलन बन चुका है और अब यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ भारत का संकल्प बन गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देश में 19वाँ स्थान, जबकि स्वच्छता रैंकिंग में 62वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। राज्य में अब तक 6 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय सुविधा मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है। ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पौधारोपण से जीवन की गुणवत्ता और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *