मुख्यमंत्री धामी ने एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को किया फ्लैग ऑफ
मुख्यमंत्री धामी ने इसे राज्य के पर्यटन, व्यापार और रोजगार को गति देने वाला अहम कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु देश की आईटी राजधानी है, जहां उत्तराखंड के हजारों युवा कार्यरत हैं। अब उन्हें अपने राज्य आने-जाने के लिए बेहतर और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि देहरादून उनका 58वां स्टेशन है और यह उड़ान उनके नेटवर्क विस्तार का हिस्सा है। खास बात यह रही कि इस रूट पर उड़ान भरने वाले बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐपण’ कला से सजा टेल आर्ट प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हवाई संपर्क को मज़बूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। पिथौरागढ़, चिन्यालीसौड़, गौचर, नैनीसैनी जैसे हवाई अड्डों को सक्रिय किया जा रहा है और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है।
कार्यक्रम में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक बृज भूषण गैरोला, यूसीएडीए के सीईओ आशीष चौहान सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।