देहरादून ,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड आपदा से हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। सर्वेक्षण के बाद वह राजधानी देहरादून में उच्चस्तरीय बैठक कर राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
इधर, प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के एक दिन बाद शुक्रवार 12 सितंबर को मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भी देहरादून पहुंचेंगे। रामगुलाम इस समय आठ दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हुए हैं। मंगलवार को वह मुंबई पहुंचे थे और 16 सितंबर को उनकी वापसी प्रस्तावित है।
पीएम रामगुलाम की भारत यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाना है। इस दौरान वह वाराणसी, अयोध्या और तिरुपति जैसे धार्मिक स्थलों का दर्शन भी करेंगे। शुक्रवार को उत्तराखंड दौरे के तहत वे पहले देहरादून एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री दोनों के कार्यक्रमों को लेकर देहरादून एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की विशेष तैयारियां की जा रही हैं।