कुंभ 2027 की तैयारियां: अक्टूबर 2026 तक पूरे हों स्थायी कार्य – मुख्यमंत्री धामी

देहरादून ,

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश दिए कि हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से जुड़े सभी स्थायी प्रकृति के कार्य अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भव्य और दिव्य कुंभ का आयोजन राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि—

  • मास्टर प्लान के अनुसार घाट, पार्किंग, मार्ग और कैंप स्थलों की स्पष्ट पहचान कर समय पर कार्य पूरे हों।

  • नए घाटों का निर्माण, कांगड़ा घाट का विस्तार और पुराने घाटों की मरम्मत शीघ्र पूरी की जाए।

  • बहादराबाद–श्यामपुर बाईपास का निर्माण जल्द पूरा किया जाए।

  • यातायात और पार्किंग की ठोस व्यवस्था के साथ शटल सेवा पर भी विचार हो।

  • मंसा देवी व चंडी देवी पैदल मार्ग का सुदृढ़ीकरण कराया जाए।

धामी ने निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में जीरो वेस्ट कॉन्सेप्ट अपनाते हुए सफाई, डस्टबिन, रीसाइक्लिंग सिस्टम, मोबाइल और पिंक टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। हरकी पैड़ी पर आरती व बैठने की सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा इंतजामों के तहत प्रत्येक घाट पर लाइफगार्ड, सुरक्षा रस्सी और मोटर बोट उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था की जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप, हेल्पलाइन और सूचना केंद्र स्थापित करने तथा कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को आदेश दिया कि हर 15 दिन में कुंभ तैयारियों की समीक्षा की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *