महिला स्वरोजगार योजना के बजट का हो शत-प्रतिशत इस्तेमाल : रेखा आर्या

अधिकारियों के साथ बैठक में की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

देहरादून, 
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एकल महिला स्वरोजगार योजना में आवंटित बजट के शत-प्रतिशत इस्तेमाल का निर्देश दिया।

रेखा आर्या ने बताया कि इस योजना को प्रदेश के सभी जनपदों में बेहतर रिस्पांस मिल रहा है और अब तक 1600 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। योजना के तहत पहले साल 2000 महिलाओं को लाभ देने का लक्ष्य है। यदि आवश्यकता पड़ी तो इसके लिए दोबारा विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। योजना के अंतर्गत एकल महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सरकार 75% तक अनुदान उपलब्ध कराएगी।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी कल्याण कोष से कार्यकर्ताओं को मिलने वाली धनराशि बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, विद्युतीकरण और गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि महालक्ष्मी किट योजना के तहत भी सामग्री में वृद्धि की जा रही है ताकि लाभार्थी महिलाओं को अधिक लाभ मिले। इसके अतिरिक्त बैठक में नंदा गौरा योजना और अनुपूरक पोषाहार योजना समेत कई अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी समीक्षा की गई।

बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी, अंजना गुप्ता, आरती बलोदी और नीतु फुलेरा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *