देहरादून ,
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित राइजिंग स्टार कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के 20 स्कूलों के चैंपियन खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस आयोजन में कुल 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ी समाज के आदर्श होते हैं और उनकी ख्याति सीमाओं से परे होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है और आने वाले समय में बड़ी संख्या में चैंपियन खिलाड़ी यहां से निकलेंगे।
रेखा आर्या ने बताया कि 38वें नेशनल गेम्स, अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले प्रदेश के सैकड़ों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन खिलाड़ियों को दी जा रही इनाम राशि सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मंत्री ने यह भी कहा कि पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने और सामान्य भर्ती में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था से खेल प्रतिभाओं को बड़ा प्रोत्साहन मिल रहा है।
इस अवसर पर प्रो. (डा.) ज्योति छाबड़ा, कार्यकारी कुलपति एवं विभागाध्यक्ष फैशन डिजाइन, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, डॉ. सुभाष गुप्ता, निदेशक (इंफ्रास्ट्रक्चर), अमित गम्भीर, साहिब सबलोक सहित विभिन्न स्कूलों के खेल प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।