मुख्यमंत्री धामी ने 187 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करने का आह्वान

देहरादून, 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में सिंचाई विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 144 अभ्यर्थियों और उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के तहत 43 पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस प्रकार कुल 187 चयनित अभ्यर्थियों/आश्रितों को सरकारी सेवा में अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, की पारदर्शी व्यवस्था की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यबोध के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को भी न्याय दिलाते हुए लंबित मामलों का समाधान किया है। बीते वर्ष 150 आश्रितों को नियुक्ति दी गई थी और अब शेष 43 पात्र लोगों को भी अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम ने वर्ष 2024 में रिकॉर्ड 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है, जो सरकार की बेहतर प्रबंधन नीति का प्रमाण है।

नकल विरोधी कानून से पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया है। अब सरकारी भर्तियां पूर्ण पारदर्शिता और मेरिट आधारित हो रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के आह्वान को दोहराते हुए प्रदेशवासियों से स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।

आत्मनिर्भर भारत की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्रधानमंत्री मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग में चयनित युवा राज्य की कृषि संरचना को मजबूत करेंगे और किसान हित में कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कई चयनित अभ्यर्थी राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे से आए हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

अन्य वक्ताओं की प्रतिक्रियाएं

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अब तक 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है, जिससे बेरोजगारी में गिरावट आई है। उन्होंने भरोसा जताया कि सिंचाई विभाग में चयनित अभ्यर्थी विकास कार्यों को नई दिशा देंगे।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *