उत्तराखण्ड क्रांति दल का स्मार्ट सिटी परियोजना कार्यालय पर प्रदर्शन

स्मार्ट सिटी के कार्याें में देरी एवं भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
देहरादून ,

स्मार्ट सिटी के कार्याें में देरी एवं भ्रष्टाचार किये जाने के विरोध में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने राजेन्द्र नगर स्थित स्मार्ट सिटी परियोजना कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आज उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष बिजेंद्र रावत के नेतृत्व में स्मार्ट सिटी परियोजना कार्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य कार्यकारी अधिकारी परियोजना प्रबंधक स्मार्ट सिटी को दिया गया। इस अवसर पर महानगर की कार्यकरी अध्यक्ष व मीडिया प्रभारी किरन रावत कश्यप ने कहा कि दून स्मार्ट सिटी परियोजना की सीबीआई जाँच कराना इसलिए आवश्यक हो गई है क्योंकि देहरादून स्मार्ट सिटी परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ड्रीम परियोजना है। इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री रमा चैहान ने कहा कि देहरादून मे कभी भी जलभराव की समस्या नहीं होती थी किन्तु स्मार्ट सिटी के निम्न गुणवत्ता युक्त कार्यों एवं गलत कार्ययोजनाओं के कारण शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि देहरादून शहर की हालत देखने से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों में अधिकारियों द्वारा धन की बंदरबांट कर ली गई है, जिसकी जांच की जानी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल देहरादून की जनता की भावनाओं के आधार पर जो सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देखा था वह सपना ही बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि द्वेष-भाव रहित एवं दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वकांक्षी योजना मे हुए घोटालों की सीबीआई जांच की संस्तुति की जाये। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष अनिल डोभाल, महानगर उपाध्यक्ष आर शंखधर, प्रताप कुंवर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *